नई दिल्ली। महाराष्ट्र में मचा सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को गुवाहाटी के होटल में रुके बागी नेता एकनाथ शिंदे बाहर निकले और मीडिया से बात की।
उन्होंने कहा कि हम शिवसेना में हैं और शिवसेना में ही रहेंगे। हम बाला साहेब के हिंदुत्व की विचारधारा के साथ आगे बढ़ेंगे। उन्होंने साफ कर दिया कि वह हिंदुत्व के मुद्दे पर ही आगे बढ़ रहे हैं और जल्द से जल्द मुंबई जाएंगे। उन्होंने कहा कि हम शिवसैनिक हैं, गद्दार नहीं हैं। हम तो शिवसेना को आगे लेकर जा रहे हैं। हिंदुत्व के मुद्दे पर हम कोई समझौता नहीं करेंगे।
एक तरफ एकनाथ शिंदे ने मुंबई वापस लौटने के संकेत दिए हैं। वहीं दूसरी ओर शिवसेना नेता संजय राउत की बयानबाजी जारी है। आज ही उन्होंने ट्वीट कर कहा था कि जहालत एक किस्म की मौत है और जाहिल लोग चलती-फिरती लाशें हैं। इससे पहले भी उन्होंने बागियों पर तंज कसे थे। उन्होंने कहा था कि जो 40 लोग गुवाहाटी गए हैं वे प्रेत हैं.. मुर्दा हैं.. उनकी बॉडी ही यहां आएगी। उन्होंने एक कार्यक्रम में कहा था कि गुवाहाटी से सीधे 40 विधायकों के शरीर ही मुंबई आएंगे।



