पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण में आज दूसरे फेज का मतदान हो रहा है। इस चरण में 7 जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर 1448 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 3.22 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे। इन सीटों में कोलकाता, औद्योगिक क्षेत्र और दक्षिण बंगाल के घनी आबादी वाले इलाके शामिल हैं। मतदान को शांतिपूर्ण बनाने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कुल 2,343 कंपनी अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है, जबकि 300 से ज्यादा पर्यवेक्षक पूरे चुनावी प्रक्रिया पर नजर रख रहे हैं।
पिछले चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2021 में इन 142 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस ने 123 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भारतीय जनता पार्टी को सिर्फ 18 सीटों से संतोष करना पड़ा था। इस चरण की सबसे हाईप्रोफाइल सीट भवानीपुर है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मैदान में हैं। उनके खिलाफ बीजेपी के शुभेंदु अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं। भवानीपुर को ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता है, लेकिन बीजेपी यहां कड़ी चुनौती पेश कर रही है।
मतदान के शुरुआती रुझानों में भवानीपुर में करीब 21 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं कोलकाता पोर्ट सीट पर लगभग 20 प्रतिशत मतदान हुआ, जहां टीएमसी के फिरहाद हकीम उम्मीदवार हैं। रासबिहारी में 21 प्रतिशत और बालीगंज में करीब 19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दूसरे चरण का यह मतदान राज्य की सत्ता की दिशा तय करने में बेहद अहम माना जा रहा है, जहां तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच सीधी टक्कर देखने को मिल रही है।




