बिहार में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार आज एक नई पहल की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार दोपहर 3 बजे पटना स्थित स्टेट हैंगर से ‘बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026’ के तहत ‘पटना जॉय राइड’ का शुभारंभ करेंगे। इस योजना के माध्यम से पर्यटक और आम नागरिक हेलीकॉप्टर से पटना शहर का हवाई भ्रमण कर सकेंगे और राजधानी के प्रमुख स्थलों का विहंगम नजारा देख पाएंगे।
पर्यटन विभाग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य बिहार में पर्यटन को नई पहचान देना और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को एक अलग अनुभव उपलब्ध कराना है। सभी टिकटों की बुकिंग बिहार पर्यटन और बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से की जाएगी।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि ‘बिहार हेली पर्यटन एवं एयर पर्यटन योजना-2026’ राज्य के पर्यटन क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि यह योजना लोगों को सुरक्षित, रोमांचक और यादगार हवाई यात्रा का अनुभव देगी, जिससे बिहार पर्यटन को नई गति मिलेगी।
पहले चरण में इन पर्यटन स्थलों को किया गया शामिल
पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने बताया कि योजना के पहले चरण में वाल्मीकिनगर (पश्चिम चंपारण), राजगीर (नालंदा) और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी मंदिर को शामिल किया गया है।
- वाल्मीकिनगर के लिए राजकीय विमान का संचालन होगा।
- राजगीर और कैमूर के लिए 6+2 सीटर किराये के हेलीकॉप्टर की सेवा उपलब्ध रहेगी।
- प्रत्येक उड़ान में अधिकतम 5 पर्यटकों के लिए सीटें उपलब्ध होंगी।
योजना के तहत पटना-वाल्मीकिनगर-पटना, पटना-राजगीर-पटना और पटना-कैमूर (करमचट डैम हेलिपैड)-पटना रूट पर प्रत्येक शनिवार और रविवार नियमित हवाई सेवाएं संचालित की जाएंगी।
हर सप्ताहांत मिलेगी ‘पटना जॉय राइड’ की सुविधा
राजधानी पटना में हेलीकॉप्टर जॉय राइड भी प्रत्येक शनिवार और रविवार दोपहर 3 बजे से शुरू होगी। प्रत्येक उड़ान की अवधि 10 मिनट होगी, जबकि दो राइड के बीच 30 मिनट का अंतर रहेगा। प्रतिदिन चार जॉय राइड संचालित होंगी और प्रत्येक राइड में 5 यात्री सफर कर सकेंगे।
किराया कितना होगा?
- पटना – वाल्मीकिनगर: ₹5,000 प्रति यात्री
- पटना – कैमूर: ₹6,000 प्रति यात्री
- पटना – राजगीर: ₹4,000 प्रति यात्री
- पटना हेलीकॉप्टर जॉय राइड (10 मिनट): ₹2,100 प्रति सीट
इस योजना के जरिए बिहार सरकार राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यटकों को एक नया और आकर्षक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की तैयारी में है।




