Top NewsUttarakhand

केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन, SDRF ने 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला

उत्तराखंड में जारी केदारनाथ यात्रा के बीच मंगलवार रात बड़ा हादसा टल गया। रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भूस्खलन होने से रास्ता बाधित हो गया, जिसके चलते हजारों श्रद्धालु बीच रास्ते में फंस गए। हालांकि SDRF और NDRF की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

मुनकटिया क्षेत्र में हुआ भूस्खलन

जानकारी के मुताबिक, सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच मुनकटिया क्षेत्र में देर रात अचानक लैंडस्लाइड होने से मुख्य सड़क मार्ग बंद हो गया। खराब मौसम, अंधेरा और लगातार गिर रहे मलबे के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण बन गई थी। घटना की सूचना रात 9:16 बजे जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग से SDRF को मिली। इसके बाद उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में SDRF की टीम आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची।

SDRF और NDRF ने चलाया संयुक्त रेस्क्यू अभियान

मौके पर SDRF और NDRF की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान शुरू किया। जोखिम भरे हालात के बीच टीमों ने सूझबूझ और सतर्कता के साथ करीब 10,450 श्रद्धालुओं को सुरक्षित मार्ग पार कराया। रातभर चले अभियान के बाद प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर आवागमन भी बहाल कर दिया।

अब तक 6.5 लाख श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के अनुसार, अब तक करीब 6.5 लाख श्रद्धालु केदारनाथ धाम के दर्शन कर चुके हैं। आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना है। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, कतार व्यवस्था बनाए रखें और पुलिस व प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से जारी रह सके।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH