पश्चिम बंगाल में जारी विधानसभा चुनाव के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद सड़कों पर उतरकर विभिन्न बूथों का दौरा करती नजर आईं। इस दौरान उन्होंने चुनावी प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए और कहा कि मतदान को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।भवानीपुर सीट से उम्मीदवार ममता बनर्जी ने मीडिया को एक वीडियो क्लिप दिखाते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यकर्ता के साथ मारपीट की गई। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है और वोटिंग शांतिपूर्ण माहौल में होनी चाहिए।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी चुनाव में गड़बड़ी करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकर्ता दबाव के बावजूद पीछे हटने वाले नहीं हैं और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की रक्षा के लिए डटे रहेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि बाहरी पर्यवेक्षक और कुछ पुलिस अधिकारी राज्य की स्थिति को समझे बिना कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे तनाव बढ़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर पुलिस थानों में दबाव बनाकर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
इसके अलावा ममता बनर्जी ने दावा किया कि रात में केंद्रीय बलों ने स्थानीय पुलिस की मौजूदगी के बिना उनके वार्ड के एक पार्षद के घर जाकर कार्रवाई की, जहां परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया गया और फोन छीन लिया गया। इन आरोपों के बीच राज्य में मतदान जारी है और प्रशासन निष्पक्ष व शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दावा कर रहा है।




