मुख्य समाचार

ईपीएफओ एवं आईपीपीबी द्वारा पेंशन सेवाओं को घर-घर तक पहुँचाते हुए लाखों ईपीएफ

पेंशनभोगियों के लिए सहजता, सुविधा एवं सुलभता सुनिश्चित की गई है नागरिक केंद्रित सेवा वितरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए तथा पेंशनभोगियों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ई.पी.एफ.ओ.) ने कर्मचारी पेंशन योजना, 1995 के अंतर्गत पेंशनभोगियों के लिए निःशुल्क डोरस्टेप डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डी.एल.सी.) सेवा उपलब्ध कराने हेतु इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के साथ साझेदारी की है।

हर वर्ष पेंशनभोगियों को पेंशन प्राप्ति जारी रखने के लिए “जीवन प्रमाण पत्र” जमा करना आवश्यक होता है। पहले इसके लिए बैंक या ईपीएफओ कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से जाना पड़ता था,जो विशेष रूप से वृद्धजनों, दिव्यांग व्यक्तियों तथा मृत कर्मचारी के आश्रितों के लिए जटिल एवं श्रमसाध्य था। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के माध्यम से अब पेंशनभोगी मोबाइल एप्लिकेशन द्वारा ऑनलाइन जीवन प्रमाण पत्र घर बैठे सत्यापित करा सकते हैं, जिससे हर वर्ष कार्यालय जाने की आवश्यकता समाप्त हो गयी है।

परन्तु, अनेक पेंशनभोगियों के पास मोबाइल फ़ोन की अनुपलब्धता, डिजिटल साधनों के सीमित ज्ञान तथा तकनीकी प्रक्रियाओं के संचालन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए तथा जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाते हुए, नई व्यवस्था के तहत अब पेंशनभोगियों को अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक, डाकघर अथवा ईपीएफओ कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं है। इसके स्थान पर प्रशिक्षित डाकिया एवं ग्रामीण डाक सेवक पेंशनभोगियों के घर जाकर आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक या बायोमेट्रिक सत्यापन के माध्यम से प्रक्रिया पूरी करेंगे। पेंशनभोगियों को बड़ी राहत प्रदान करते हुए, उक्त सेवा पूर्णतः निःशुल्क किया गया है तथा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने का पूरा खर्च ईपीएफओ वहन करेगा।

इस सेवा का लाभ लेने हेतु पेंशनभोगी इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के टोल फ्री ग्राहक सेवा नंबर 033- 22029000 पर संपर्क कर सकते हैं। अनुरोध प्राप्त होने पर संबंधित डाकिया/ग्रामीण डाक सेवक पेंशनभोगी के निवास स्थान पर जाकर आवश्यक विवरण सत्यापित करेंगे तथा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट के अद्यतन करते ही उनका जीवन प्रमाण पत्र स्वतः इपीएफओ के अभिलेखों में दर्ज हो जाएगा। यह पहल इंडिया पोस्ट के 1.65 लाख से अधिक डाकघरों तथा लगभग 3 लाख डाक सेवा प्रदाताओं के विशाल नेटवर्क के माध्यम से लागू की जाएगी, जिससे ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक भी पेंशन सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित होगी तथा उन पेंशनभोगियों की कठिनाइयाँ दूर होंगी जो सरकारी कार्यालयों तक नहीं पहुँच पाते।

इस पहल से विशेष रूप से वृद्ध, अस्वस्थ, दिव्यांग, अशक्त एवं अन्य कमजोर वर्ग के पेंशनभोगियों को लाभ मिलेगा, जिन्हें आवागमन में या डिजिटल साक्षरता न होने के कारण डीएलसी अद्यतनकी प्रक्रिया संपन्न करने में प्रायः कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस प्रकार, यह पहल देशभर के पेंशनभोगियों के लिए सुगम जीवन, डिजिटल समावेशन तथा निर्वाध पेंशन वितरण के प्रति ईपीएफओ की सतत प्रतिवद्धता को दर्शाता है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH