Top NewsUttar Pradesh

लखनऊ के अलीगंज स्थित कोचिंग संस्थान में भीषण आग, जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से कूदे छात्र

लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक कोचिंग संस्थान में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय संस्थान में 30 से अधिक छात्र-छात्राएं मौजूद थे। कई छात्रों को अपनी जान बचाने के लिए दूसरी मंजिल से नीचे कूदना पड़ा, जबकि कुछ ने पास से गुजर रहे तारों के सहारे नीचे उतरने की कोशिश की। हादसे में दो छात्र घायल हुए हैं, जिनमें एक छात्रा भी शामिल है।

 जानकारी के अनुसार, कोचिंग संस्थान एक पेट शॉप के ऊपर संचालित हो रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आग सबसे पहले तीसरी मंजिल पर लगी और देखते ही देखते पूरे परिसर में फैल गई। आग की भयावहता के कारण छात्रों में भगदड़ मच गई और सुरक्षित निकास का रास्ता न मिलने पर कई छात्र जोखिम उठाकर नीचे उतरने को मजबूर हो गए।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने के बाद करीब आधे घंटे तक दमकल की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंच सकीं। आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के दौरान कुछ छात्र अंदर फंसे हो सकते हैं। दमकल कर्मी मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं तथा आग पर काबू पाने का प्रयास जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने मामले का संज्ञान लिया और अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने, घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने तथा स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH