NationalTop News

अहमदाबाद प्लेन क्रैश: ड्यूटी पर गई बेटी लौटकर नहीं आई, शादी की तैयारियों के बीच टूट गया सोंघारे परिवार

नई दिल्ली। अहमदाबाद विमान हादसा देश के लिए एक काला अध्याय बनकर सामने आया, जिसने सैकड़ों परिवारों की खुशियां छीन लीं। उन्हीं में से एक थीं 26 वर्षीय फ्लाइट अटेंडेंट रोशनी सोंघारे, जिनके सपने और जीवन की नई शुरुआत महज कुछ महीनों की दूरी पर थी। लेकिन ड्यूटी के लिए निकली रोशनी लौटकर घर नहीं आई। इस दर्दनाक हादसे ने सोंघारे परिवार की दुनिया उजाड़ दी।

मूल रूप से महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के मंदनगढ़ की रहने वाली रोशनी का परिवार फिलहाल ठाणे जिले के डोंबिवली स्थित राजाजी पथ पर रहता है। रोशनी तीन दिन पहले अहमदाबाद से लंदन जाने वाली फ्लाइट की ड्यूटी पर गई थीं। गुरुवार को विमान के क्रैश होने की खबर आई और इसी के साथ उनके माता-पिता की जिंदगी में अंधेरा छा गया।

शादी की तैयारी कर रहा था परिवार

रोशनी की जिंदगी में जल्द ही एक नया अध्याय जुड़ने वाला था। उनका विवाह मर्चेंट नेवी में कार्यरत एक अधिकारी से तय हुआ था। शादी अगले साल मार्च में होनी थी, और नवंबर में सगाई की योजना थी। माता-पिता शादी की तैयारियों में जुटे थे। खरीदारी चल रही थी, मेहमानों की सूची बन रही थी। लेकिन अचानक आई इस त्रासदी ने सारी खुशियां छीन लीं।

घर की धड़कन थी रोशनी

परिवार और रिश्तेदारों का कहना है कि रोशनी अपने घर की रौनक थी। एक नजदीकी रिश्तेदार ने बताया, “हम सब उसकी सगाई का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। रोशनी घर की धड़कन थी, उसके बिना सब सूना हो गया।” रोशनी के परिवार में अब उनके पिता राजेंद्र सोंघारे, मां शोभा, और छोटा भाई विग्नेश ही बचे हैं। पिता राजेंद्र ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कड़ी मेहनत की। उन्होंने रोशनी को एयर होस्टेस का कोर्स करवाया और उसका करियर संवारने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

स्पाइसजेट से की थी शुरुआत, एअर इंडिया तक पहुंची

अपने करियर की शुरुआत रोशनी ने स्पाइसजेट से की थी और कड़ी मेहनत से कुछ वर्षों में ही एअर इंडिया की फ्लाइट अटेंडेंट बन गईं। उनके चाचा प्रवीण सुखदेरे ने बताया, “सब कुछ बहुत अच्छा चल रहा था। हम सब उसकी शादी को लेकर खुश थे। किसी ने सोचा नहीं था कि ये खुशी अचानक मातम में बदल जाएगी।”

अहमदाबाद हादसे में गई 275 लोगों की जान

गौरतलब है कि अहमदाबाद में लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट टेकऑफ के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में अब तक 275 लोगों की मौत हो चुकी है। विमान एक रिहायशी इमारत से टकरा गया था, जिससे दर्जनों निर्दोष लोग भी मारे गए। इस दुर्घटना में फ्लाइट क्रू के 12 में से कई सदस्यों की जान गई, जिनमें रोशनी भी शामिल थीं।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH