नई दिल्ली: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले की जांच कर रही केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दिल्ली की एक अदालत में बड़ा खुलासा किया है। एजेंसी ने दावा किया है कि महाराष्ट्र के लातूर स्थित एक कोचिंग संचालक के मोबाइल फोन से बरामद हस्तलिखित केमिस्ट्री के सवालों में से 111 प्रश्न NEET-UG 2026 के मास्टर प्रश्नपत्र से मेल खाते हैं। CBI ने यह जानकारी आरोपी की जमानत याचिका का विरोध करते हुए अदालत में दाखिल अपने जवाब में दी।
कोचिंग संचालक के मोबाइल से मिले हस्तलिखित सवाल
CBI के अनुसार, ये सवाल शिवराज मोटेगांवकर के मोबाइल फोन से बरामद हुए। शिवराज लातूर में रेणुकाई केमिस्ट्री क्लासेज संचालित करते हैं और ‘Motegaonkar Sir’s RCC’ नाम से एक यूट्यूब चैनल भी चलाते हैं, जिसके करीब 1.68 लाख सब्सक्राइबर हैं। जांच के दौरान एजेंसी को उनके मोबाइल से 36 तस्वीरें मिलीं, जिनमें से पांच डुप्लीकेट थीं। इन तस्वीरों में कुल 132 हस्तलिखित केमिस्ट्री प्रश्न पाए गए, जो प्रारंभिक जांच में शिवराज की लिखावट में लिखे गए प्रतीत हुए।
111 सवाल मास्टर प्रश्नपत्र से मिले
CBI ने अदालत को बताया कि शुरुआती जांच में इन हस्तलिखित सवालों में से 111 प्रश्न राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा तैयार किए गए NEET-UG 2026 के मास्टर प्रश्न सेट से मेल खाते हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, मोबाइल में मौजूद तस्वीरों की कैप्चर डेट 23 अप्रैल 2026 है, जबकि NEET-UG परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी। यानी कथित तौर पर ये प्रश्न परीक्षा से लगभग दो सप्ताह पहले ही आरोपी के मोबाइल में मौजूद थे।
CBI का दावा: स्पेशल क्लास में उपलब्ध कराए गए थे सवाल
CBI का आरोप है कि सह-आरोपी आदित्य मोटेगांवकर ने सह-आरोपी पी. वी. कुलकर्णी की स्पेशल क्लास में हिस्सा लिया था। एजेंसी का दावा है कि इन्हीं कक्षाओं में लीक हुए केमिस्ट्री के प्रश्न उपलब्ध कराए गए, जिसके बाद आदित्य ने उनके हस्तलिखित नोट्स तैयार किए। CBI के अनुसार, शिवराज मोटेगांवकर को ये प्रश्न लातूर के सिद्धिविनायक हॉस्पिटल परिसर में मिले थे। यह अस्पताल बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज शिरुरे द्वारा संचालित है। एजेंसी का आरोप है कि प्रश्नपत्र NTA के पैनल सदस्य और अनुवादक पी. वी. कुलकर्णी ने लीक किया था।
टेलीग्राम पर 10 लाख रुपये में बेचने का आरोप
CBI ने दावा किया है कि लीक हुए प्रश्नपत्रों की PDF फाइलें टेलीग्राम के जरिए 10 लाख रुपये में बेची गईं। जांच में यह भी सामने आया है कि करीब 150 पन्नों का एक ‘गेस पेपर’, जिसमें 410 प्रश्न थे, परीक्षा से कई सप्ताह पहले कुछ अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराया गया था। एजेंसी के मुताबिक, इस गेस पेपर के लगभग 120 प्रश्न NEET-UG 2026 की केमिस्ट्री परीक्षा में पूछे गए। CBI ने बताया कि इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार आरोपियों में शिक्षक और छात्र शामिल हैं। ये गिरफ्तारियां दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर से की गई हैं।
22.7 लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा
NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी, जिसमें 22.7 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था। पेपर लीक के आरोप सामने आने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने 12 मई 2026 को परीक्षा रद्द कर दी थी। मामले में इससे पहले सॉल्वर गैंग और बायोमेट्रिक सिस्टम से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का भी खुलासा हो चुका है।




