नई दिल्ली। देशवासियों से पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील के बाद पीएम मोदी ने खुद भी बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री ने सरकारी खर्च और ईंधन की बचत को ध्यान में रखते हुए अपने सुरक्षा काफिले में शामिल वाहनों की संख्या घटाने का निर्देश दिया है। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री के निर्देश के बाद SPG ने उनके काफिले में करीब 50 प्रतिशत तक वाहन कम कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी ने सुरक्षा बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करने की इच्छा भी जताई है। हालांकि, इसके लिए नई गाड़ियों की खरीद नहीं की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां ‘ब्लू बुक’ के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए इस बदलाव को लागू करने में जुटी हैं।
गुजरात के राज्यपाल ने भी लिया बड़ा फैसला
Acharya Devvrat ने भी ईंधन बचत को लेकर अहम घोषणा की है। गुजरात के राज्यपाल ने कहा है कि वह अब हेलिकॉप्टर और हवाई यात्रा से परहेज करेंगे तथा ट्रेन, राज्य परिवहन बस और अन्य सार्वजनिक साधनों से यात्रा करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनके Z+ सुरक्षा काफिले में वाहनों की संख्या सीमित रखी जाएगी। इसके अलावा राज्य के विश्वविद्यालयों में सप्ताह में एक दिन ‘कंबशन इंजन फ्री डे’ मनाने की पहल की जाएगी। छात्रों और शिक्षकों से साइकिल तथा इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील भी की गई है।
केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने छोड़ी पायलट गाड़ी
प्रधानमंत्री की अपील के बाद केंद्रीय जलशक्ति मंत्री C. R. Patil ने भी अपने काफिले में बदलाव करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वैश्विक हालात सामान्य होने तक वह पायलट और एस्कॉर्ट वाहनों का इस्तेमाल नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि ईंधन की बचत और राष्ट्रीय हित को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है। केंद्रीय मंत्री ने अन्य जनप्रतिनिधियों और राज्यों से भी पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की दिशा में कदम उठाने की अपील की है।




