Top NewsUttar Pradesh

पीएम मोदी गाजियाबाद में करेंगे देश के पहले रैपिडेक्स (रैपिड रेल) का उदघाटन, सीएम योगी ने परखी तैयारियां

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री के कर कमलों से होने वाले देश के पहले रैपिडेक्स (रैपिड रेल) के उद्घाटन एवं जनसभा को सम्बोधित करने वाले स्थान का गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूरा करने के लिए निर्देशित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीआईएसएफ पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य तैयारियों को ससमय पूर्ण कराने के निर्देश दिये। इसके बाद मुख्यमंत्री का काफिला वसुन्धरा सेक्टर-8 जनसभा स्थल पहुंचा। जहां उन्होंने जनसभा स्थल का पैदल ही सूक्ष्म निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री जनसभा से पैदल ही रेपिडेक्स (रैपिड रेल) स्टेशन, साहिबाबाद पहुंचे। वहां उन्होंने स्टेशन का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री को रेपिडेक्स स्टेशन पर अधिकारियों द्वारा रैपिड रेल की वीडियो प्रेजेंटेशन दिखाई गयी और बहुत ही बारिकी से उन्हें इससे सम्बंधित सभी बिन्दुओं की जानकारी दी गयी। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजियाबाद जिला वासियों के लिए यह बहुत ही खुशी व गर्व की बात है कि भारत की प्रथम रैपिड रेल का जनपद गाजियाबाद से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर कमलों से उद्घाटन किया जायेगा।

इस अवसर पर केन्द्रीय राज्यमन्त्री एवं स्थानीय सांसद डॉ. विजय कुमार सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल अग्रवाल, महापौर सुनीता दयाल, विधायक अतुल गर्ग, विधायक सुनील कुमार शर्मा, विधायक नन्द किशोर गुर्जर, विधायक अजीत पाल त्यागी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश सिंघल सहित मेरठ मंडल की मंडलायुक्त सेल्वा कुमारी जे., पुलिस कमिश्नर गाजियाबाद अजय कुमार मिश्र, जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH