NationalTop News

पूर्वोत्तर में भूकंप के तेज झटके, असम में दो लड़कियां घायल; कई मकान क्षतिग्रस्त

गुवाहाटी/कोलकाता। रविवार शाम पूर्वोत्तर भारत और उत्तर बंगाल के कुछ हिस्सों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर पहली तीव्रता 5.8 दर्ज की गई। इसके बाद डेढ़ घंटे के भीतर तीन और झटके आए, जिससे दहशत फैल गई।

झटकों का सिलसिला

पहला झटका शाम 4:41 बजे – 5.8 तीव्रता (केंद्र: उदालगुड़ी, असम)

दूसरा झटका 4:58 बजे – 3.1 तीव्रता (केंद्र: उदालगुड़ी)

तीसरा झटका 5:21 बजे – 2.9 तीव्रता (केंद्र: सोनितपुर)

चौथा झटका 6:11 बजे – 2.7 तीव्रता (केंद्र: उदालगुड़ी)

असम में नुकसान और घायल

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के मुताबिक, उदालगुड़ी जिले में एक छात्रावास की छत ढहने से दो छात्राएं घायल हुईं।
अमगुड़ी में एक मकान की छत गिरी सोनितपुर में दो मकान और एक दुकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त विश्वनाथ, दरांग, नलबाड़ी और होजई जिलों में कई घरों की दीवारों में दरारें आईं

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने ली जानकारी

भूकंप के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम दौरे पर थे। बाद में वे कोलकाता रवाना हुए, जहां से उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से बात कर स्थिति की जानकारी ली और केंद्र से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि हालात नियंत्रण में हैं और आपदा प्रबंधन की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। प्रभावितों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

अरुणाचल और उत्तर बंगाल में दहशत

मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में भी झटके महसूस किए गए। ईटानगर में लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। अधिकारियों ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के प्रभावित हिस्सों में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है।सिलीगुड़ी निवासी बिकाश दे ने बताया – “जमीन कुछ सेकंड तक हिलती रही। हम एहतियातन घर से बाहर निकल आए।” कई जगह लोगों ने पारंपरिक रूप से शंख बजाकर भूकंप के प्रभाव को टालने की कोशिश की।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH