निमरोज़ की राजधानी ज़रांज पर शुक्रवार को कब्ज़ा करने के बाद अफ़ग़ानिस्तान में तालिबान ने दो और प्रांतीय राजधानियों पर क़ब़्ज़ा करने का दावा किया है। समाचार एजेंसी एएफ़पी के अनुसार तालिबान ने शुक्रवार के बाद से अफ़ग़ानिस्तान के चार प्रांतों की राजधानियों पर क़ब्ज़ा कर लिया है। हाल के महीनों में देश के अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों पर नियंत्रण स्थापित करने के बाद अब तालिबान तेज़ी से शहरों की तरफ़ बढ़ रहा है।
समाचार एजेंसी एएफ़पी के मुताबिक़ जिस तरह से तालिबान ने शुक्रवार के बाद से चार राजधानियों पर क़ब्ज़ा किया है, उसने अफ़ग़ानिस्तान के सैन्य बलों को हैरत में डाल दिया है। अमेरिकी बमवर्षक विमानों ने शबरघ़ान में तालिबान के ठिकानों पर हमला किया है।
ये उत्तर के मिलीशिया कमांडर अब्दुल रशीद दोस्तम का गढ़ है. दोस्तम के लड़ाके और सरकारी सैन्य बल शहर के केंद्रीय इलाक़ों को छोड़कर एयरपोर्ट पर चले गए हैं। दोस्तम ने देश के उत्तरी इलाक़ों में सबसे ताक़तवर मिलीशिया खड़ा किया था। 1990 के दशक में उन्होंने तालिबान के ख़िलाफ़ लंबी लड़ाई लड़ी थी। उनके लड़ाकों पर हिरासत में लिए गए हज़ारों लोगों के क़त्ल-ए-आम के भी आरोप थे।
वहीं प्रांतीय राजधानियों के तालिबान के हाथों में जाने के बाद सरकार ने सिर्फ़ इतना ही कहा है कि इन्हें फिर से हासिल कर लिया जाएगा। वहीं अफ़ग़ानिस्तान के रक्षा मंत्रालय के डिप्टी प्रवक्ता फ़वाद अमान ने दावा किया है कि अमेरिकी बमवर्षक विमानों बी-52 ने जोवज़्जान प्रांत की राजधानी शेबरघ़ान में तालिबान के ठिकानों को निशाना बनाया है। अफ़ग़ान बल इस शहर को तालिबान से वापस लेने की कोशिश कर रहे हैं।