सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) ने Android यूजर्स के लिए अपने ऐप का नया वर्जन जारी कर दिया है। कंपनी का दावा है कि इस बार ऐप को केवल अपडेट नहीं किया गया, बल्कि पूरी तरह नए सिरे से तैयार किया गया है। नया वर्जन अब Google Play Store पर दुनियाभर के यूजर्स के लिए उपलब्ध है।
कंपनी के मुताबिक, नए ऐप में स्पीड, स्क्रॉलिंग, नोटिफिकेशन और ओवरऑल परफॉर्मेंस को पहले की तुलना में काफी बेहतर बनाया गया है। साथ ही भविष्य में नए फीचर्स जोड़ने के लिए भी ऐप का तकनीकी ढांचा मजबूत किया गया है।
शुरुआत से तैयार किया गया नया प्लेटफॉर्म
X ने बताया कि Android ऐप को पुराने सिस्टम पर सुधार करने के बजाय नए आर्किटेक्चर के साथ विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य लंबे समय से सामने आ रही परफॉर्मेंस संबंधी समस्याओं को दूर करना और यूजर्स को अधिक स्मूथ अनुभव देना है।
कंपनी का कहना है कि इस बदलाव से आने वाले समय में नए फीचर्स को रोलआउट करना भी आसान होगा।
iPhone की तुलना में Android पर था फोकस
पिछले साल X ने स्वीकार किया था कि Android ऐप का अनुभव iOS संस्करण की तुलना में कमजोर रहा है। इसके बाद कंपनी ने Android प्लेटफॉर्म के लिए अलग इंजीनियरिंग टीम बनाई और ऐप को पूरी तरह से री-डिजाइन करने का काम शुरू किया।
X के प्रोडक्ट हेड निकिता बीयर के अनुसार, यह कंपनी की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग परियोजनाओं में से एक रही है। उनका कहना है कि नए ऐप में नेविगेशन अधिक स्मूथ, लोडिंग पहले से तेज और रिस्पॉन्स टाइम बेहतर हुआ है।
यूजर्स की शिकायतों के बाद लिया गया फैसला
पिछले कुछ समय से Android यूजर्स लगातार ऐप की धीमी गति, पोस्ट लोड होने में देरी और लिंक खुलने जैसी समस्याओं की शिकायत कर रहे थे। इन्हीं दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए कंपनी ने ऐप के पूरे ढांचे में बदलाव करने का फैसला लिया।
आने वाले अपडेट में मिलेंगे नए फीचर्स
कंपनी ने संकेत दिए हैं कि यह बदलाव अभी पहला चरण है। आने वाले अपडेट्स में पुराने Android डिवाइसों के लिए अतिरिक्त परफॉर्मेंस सुधार किए जाएंगे। इसके अलावा Spaces फीचर का बेहतर सपोर्ट भी जोड़ा जाएगा।
X ने यह भी जानकारी दी है कि भविष्य में Android यूजर्स को नया वीडियो एडिटर, वीडियो रिएक्शन, कैशटैग सपोर्ट और कस्टम टाइमलाइन जैसे फीचर्स भी उपलब्ध कराए जाएंगे। ये सभी सुविधाएं कंपनी के आगामी प्रोडक्ट रोडमैप का हिस्सा हैं।




