Entertainment

लड़कियों को खास मैसेज देता है ‘निमिकी मुखिया’ : जमा हबीब

द्वारकेश बर्मन
विशेष संवाददाता

मुंबई। स्टार भारत चैनल के प्रसिद्ध सीरियल ‘निमिकी मुखिया’ के 200 एपिसोड पूरे हो चुके हैं। इस सफलता पर सीरियल के सेट पर और कलाकारों में गजब की खुशी देखी गई। इस दौरान पूरी स्टार कास्ट के साथ पूरा क्रू मौज-मस्ती करता नजर आया।

इस सीरियल के निर्माता जमा हबीब मूलत: बिहार से हैं। उन्होंने इस कहानी को खुद जिया है। उन्होंने कहा कि यह धारावाहिक बिहार के एक गांव पर आधारित है। यह सास-बहू का घिसा-पिटा ड्रामा नहीं, बल्कि एक अलग तरह का शो है। जिसमें थोड़ी सी मस्ती के साथ एक संदेश देने की कोशिश है कि लड़कियां किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सीरियल में दिखाया गया है कि गांव की एक लडक़ी जो हमेशा टीवी देखती है, फिल्म देखती है, बड़े-बड़े सपने देखती है, थोड़ी अनाड़ी और बहुत ही ज्यादा भोली है, किसी से नहीं डरती और जो मन में आता है वह बेरोकटोक करती है।

यह लडक़ी परिस्थिति के कारण मुखिया बन जाती है। वह पूरे गांव की फिक्र करती है पर अपने से थोड़ा कम। उनका कहना है कि धारवाहिक में लड़कियों के लिए कई सारे संदेश दिए गए हैं जैसे लड़कियां केवल अच्छे घर में शादी के लिए पढ़ाई न करें। अगर आपने पढ़ाई की है तो फिर अपने हक के लिए आवाज उठाएं। गलत के खिलाफ खड़ी हों। किसी से डर कर नहीं रहना चाहिए। परिस्थिति चाहे जैसी भी हो अपने कॉमन सेंस के सहारे उससे बाहर निकले। आत्मविश्वास और मस्ती के साथ अपनी जिंदगी को आगे बढ़ाएं।

=>
=>
loading...