Top NewsUttar Pradesh

बुलंदशहर हिंसा का मुख्य आरोपी योगेश राज गिरफ्तार

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में हुई हिंसा के मुख्य आरोपी योगेश राज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। योगेश बवाल के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस इसके लिए लगातार छापेमारी कर रही थी। काफी मशक्कत के बाद योगेश राज की गिरफ्तारी देर रात हो सकी। हालांकि बवाल के एक माह पूरे होने के बाद भी 12 नामजद अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।

पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश करेगी. उस पर हिंसा भड़काने का आरोप है और पुलिस ने उसे ही मुख्य आरोपी बनाया है। योगेश राज ने ही गो हत्या मामले में झूठी एफआईआर दर्ज करवाई थी। इससे पहले पुलिस सुबोध कुमार की हत्या के आरोपी प्रशांत नट और कलुआ को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। कलुआ पर आरोप है कि उसने हिंसा वाले दिन धारदार हथियार से वार करके इंस्पेक्टर को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।

बता दें कि बुलंदशहर के स्याना इलाके में कथित रूप से गोवंश के अवशेष मिलने के बाद हिंसा फैल गई थी। गोवंश के अवशेष मिलने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई थी, पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां लोगों की भीड़ पहले से वहां मौजूद थी। पुलिस भीड़ को समझाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन लोग काफी उग्र थे और उन्होंने पुलिस पर ही हमला कर दिया। हिंसा में पुलिस इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या कर दी गई. वहीं गोली लगने से सुमित नाम का एक युवक भी मारा गया था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH