लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 दिसंबर को लखनऊ के दौरे पर आ रहे हैं। यहां पीएम मोदी अटल जी की जयंती पर लोकभवन में उनकी 25 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। मोदी दोपहर ढाई बजे विशेष विमान से लखनऊ पहुंचेंगे और सीधे लोकभवन जाएंगे। प्रतिमा के अनावरण के बाद प्रधानमंत्री का 25 मिनट का संबोधन होगा। इस दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। शाम पौने पांच बजे प्रधानमंत्री दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
एमआई-17 हेलीकाप्टर से लामार्ट हेलीपैड पर उतरेंगे पीएम
प्रधानमंत्री भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से दोपहर करीब 2:25 बजे पर चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरेंगे। यहां से वह एमआई-17 हेलीकाप्टर से लामर्टीनियर कॉलेज मैदान हेलीपैड पर 2:50 बजे उतरेंगे। यहां से वह सड़क मार्ग से लोकभवन जाएंगे।
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे शहर में सुरक्षा और कड़ी की गई है। मंगलवार को पुलिस ने एरियल सर्वे किया। पीएम के आगमन और क्रिसमस को देखते हुए तमाम कदम उठाए गए हैं। आम लोगों को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम से दिक्कत न हो इसका खास ध्यान रखा जा रहा है। क्रिसमस पर अधिकांश बड़े कार्यक्रम हजरतगंज में होते हैं, इसलिए पुलिस के सामने दिन में तगड़ी चुनौती होगी।