इस्लामाबाद। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद से भारतीय उच्चायोग में काम करने वाले दो भारतीय अधिकारी लापता हो गए हैं। दोनों अधिकारियों को आखिरी बार सोमवार सुबह 8:30 बजे देखा गया था। इसके बाद से ही इनकी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि भारतीय दूतावास और विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान से इन दोनों अफसरों का फौरन पता लगाने को कहा है।
अभी कुछ दिनों पहले ही यह खबर आई थी कि पाकिस्तान की ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के एक अधिकारी ने बाइक से भारत के चार्ज द अफेयर्स गौरव अहलूवालिया का पीछा किया था। अहलूवालिया कार से कहीं जा रहे थे।
अभी कुछ हफ्ते पहले ही भारत ने दो पाकिस्तानी अधिकारियों को जासूसी करने के आरोप में पकड़ा और निकाल दिया था। ये दोनों अधिकारी नई दिल्ली के पाकिस्तान हाई कमीशन के वीजा सेक्शन में काम करते थे।