Top NewsUttar Pradesh

सपा सांसद अवधेश प्रसाद का आरोप: ममता बनर्जी हारी नहीं, हराई गईं, बंगाल और मिल्कीपुर चुनाव को बताया ‘लोकतंत्र पर डकैती’

फैजाबाद (अयोध्या) से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने पश्चिम बंगाल चुनाव परिणामों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी चुनाव नहीं हारीं, बल्कि उन्हें हराया गया है। उनके मुताबिक यह सिर्फ चुनाव नहीं था, बल्कि लोकतंत्र पर सीधा हमला था। अवधेश प्रसाद ने उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर उपचुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां भी बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारियों और बाहर से लाए गए हजारों लोगों के जरिए फर्जी वोट डलवाए गए। उनके अनुसार, करीब 414 बूथों पर धांधली हुई, जिसे उन्होंने ‘लोकतंत्र की डकैती’ करार दिया।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भविष्य में इतिहासकार लिखेंगे कि भगवान राम की नगरी अयोध्या के मिल्कीपुर में लोकतंत्र को लूटा गया। पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों का इस्तेमाल कर मतदाताओं को डराया गया और फर्जी मतदान कराया गया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति लोकतंत्र के लिए खतरनाक है और देश में एक बार फिर लोकनायक जयप्रकाश नारायण जैसे आंदोलन की जरूरत है।

अवधेश प्रसाद ने कहा कि इंडी गठबंधन इसी उद्देश्य से बना था, ताकि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की जा सके। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन ममता बनर्जी के साथ खड़ा है और आगे भी मजबूती से अपनी लड़ाई जारी रखेगा। वहीं, चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार पश्चिम बंगाल की 293 सीटों में बीजेपी ने 206 सीटों पर जीत दर्ज की है। तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई, जबकि कांग्रेस को 2 सीटें मिलीं। आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) ने 2 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि CPI(M) और AISF को एक-एक सीट मिली।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH