नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को भारत के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। शपथग्रहण से पहले उन्होंने सुबह राजघाट स्थित महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें दोपहर करीब 12.30 बजे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और वेंकैया नायडू के साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री पवन बंसल और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।
जगदीप धनखड़ ने विपक्षी उम्मीदवार और कांग्रेस नेता मार्गरेट अल्वा को भारी अंतर से हराया था। धनखड़ ने 74.36 प्रतिशत का विशाल वोट शेयर हासिल करके उपराष्ट्रपति चुनाव जीता, जो पिछले छह उप राष्ट्रपति चुनावों में सबसे अधिक है। उप-राष्ट्रपति चुनाव में, 725 सांसदों ने अपने वोट डाले, कुल 92.9 प्रतिशत मतदान हुआ। रिटर्निंग ऑफिसर उत्पल कुमार सिंह ने बताया कि हालांकि 15 मत अवैध पाए गए।
सोमवार को, राज्यसभा ने निवर्तमान उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू को विदाई दी, जिसके दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उच्च सदन के अध्यक्ष के रूप में उनके “मजाकिया वन-लाइनर्स” और “अत्यधिक उत्पादक” कार्यकाल के लिए उनकी प्रशंसा की।




