मुंबई। महा विकास अघाड़ी सरकार के अस्तित्व को खतरे में डालने वाले अभूतपूर्व राजनीतिक संकट के एक सप्ताह बाद, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार को सभी नौ बागी मंत्रियों से उनके विभाग छीन लिए और उन्हें अन्य मौजूदा मंत्रियों को आवंटित कर दिया
उद्धव ठाकरे ने जिन बागी मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया है, उनमें सबसे पहला नाम एकनाथ शिंदे का है। जिनके पास अभी तक नगर विकास मंत्रालय था। अब इस मंत्रालय को उद्योग मंत्री सुभाष देसाई को सौंप दिया गया है। इसके अलावा गुलाबराव पाटिल का जल संपदा विभाग महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री अनिल परब को दिया गया है। अब कृषि मंत्री रहे दादा भूसे का मंत्रालय अब सदीपान आसाराम भूमरे को दिया गया है। जबकि राज्य के उच्च तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री उदय सामंत का विभाग आदित्य ठाकरे को सौंप दिया गया है।
उधर, महाराष्ट्र की आंतरिक व्यवस्था को अस्त-व्यस्त करने के आरोप में बॉम्बे हाईकोर्ट में एकनाथ शिंदे के खिलाफ जनहित याचिका दायर की गई है। इसमें उन पर महाराष्ट्र में ‘राजनीतिक उथल-पुथल’ मचाने और राज्य सरकार की आंतरिक व्यवस्था को अस्त-व्यस्त करने का आरोप लगाया गया है। जनहित याचिका में विद्रोही नेताओं के खिलाफ “कर्तव्यों का पालन नहीं करने और ऐसी अनैतिक गतिविधियों में शामिल होने के लिए उचित कार्रवाई की मांग की गई है, जिससे जन अधिकारों और सुशासन का अनादर हुआ है।’



