NationalUttar Pradesh

‘हर-हर शंभू’ गाने वाली फरमानी नाज के खिलाफ मौलानाओं ने जारी किया फतवा, बताया इस्लाम के खिलाफ

नई दिल्ली। मुजफ्फरनगर की रहने वाली गायिका फरमानी नाज के खिलाफ मौलानाओं ने फतवा जारी कर दिया है। सावन महीने में कांवड़ यात्रा के लिए ‘हर-हर शंभू’ गाना गाकर उसे यू ट्यूब पर अपलोड करने के बाद मौलानाओं ने इसे इस्लाम के खिलाफ बताया है। साथ ही फरमानी को गीत-संगीत से तौबा करने का कहा है.

फरमानी को देवबंदी उलेमा ने नसीहत देते हुए कहा है कि इस्लाम में किसी भी तरह का गाना नहीं गाना चाहिए, ये इस्लाम के खिलाफ है.दरअसल, मुजफ्फरनगर की रहने वाली फरमानी नाज की शादी 25 मार्च 2017 को मेरठ के छोटा हसनपुर गांव निवासी इमरान से हुई थी, लेकिन शादी के एक साल बाद बेटा होने के बाद से ही फरमानी को उसके ससुराल वालों ने परेशान करना शुरू कर दिया था.

बताया जाता है कि फरमानी के बेटे के गले में कोई बीमारी थी, जिसके चलते फरमानी के ससुराल वाले फरमानी को परेशान कर उस पर अपने मायके से पैसे लाने का दबाव बनाते थे। जिससे परेशान आकर फरमानी अपने बेटे के साथ अपने मायके मोहम्मदपुर माफी आकर रहने लगी थीं। फरमानी नाज ने कहा कि उनके पति ने बिना तलाक दिए दूसरी शादी कर ली, मैं बच्चे का पेट पालने के लिए गाना गाती हूं।

उन्होंने यह भी कहा कि आज लड़कियां आत्मनिर्भर होकर समाज में जी रही हैं। वे अपने टैलेंट के दम पर आगे बढ़ रही हैं। फरमानी नाज ने बताया कि उन्हें किसी ने घर आकर गाने से नहीं रोका है। बस कुछ लोग सोशल मीडिया पर इस तरह के कमेंट कर देते हैं। मैं अपने हुनर के बल पर गाने गाकर आगे बढ़ रही हूं। कभी किसी धर्म का अपमान नहीं किया।

 

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH