NationalRegional

असम में बीजेपी महिला नेता की हत्या, सड़क किनारे मिला शव

गुवाहाटी। असम के गोलपारा जिले में भाजपा की एक महिला नेता की हत्या कर दी गई। उनका शव सड़क किनारे पड़ा हुआ मिला।
मृतका जोनाली नाथ पार्टी की जिला सचिव के पद पर कार्यरत थी। वह ग्वालपाड़ा के मटिया गांव की रहने वाली थी। ग्रामीणों ने रविवार रात शालपारा इलाके के पास नेशनल हाईवे 17 से शव बरामद किया, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गोलपारा पुलिस के अधीक्षक वीवी राकेश रेड्डी ने बताया कि रविवार रात गोलपारा के कृष्णाई इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग के पास एक शव बरामद किया गया था। इसके बाद हमने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला सिविल अस्पताल भेज दिया था। रेड्डी ने आगे बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हमें शव की असली पहचान पता चली और पाया कि यह तो भाजपा गोलपारा समिति की सचिव जोनाली नाथ हैं। उन्होनें कहा कि हम मामले में आगे जांच कर रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, नाथ के शरीर पर चोट के कई निशान थे, जो हत्या से पहले गंभीर हमले का संकेत देते हैं। उन्हें आखिरी बार रविवार दोपहर एक स्थानीय बाजार में देखा गया था। उनके पति ने बताया कि वे लगातार उन्हें कॉल करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ था। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जांच की जा रही है। इस बीच, असम भाजपा के अध्यक्ष भाबेश कलिता ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि हत्या करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH