International

तालीबान ने कंधार समेत अफगानिस्तान के 13 प्रांतीय राजधानियों पर किया कब्जा, अब काबुल पर है निगाहे

credits: Google

काबुलः अफगानिस्तान में तालिबान का कहर एक बार फिर बढ़ने लग गया है। तालिबान तेजी के साथ अफगानिस्तान के प्रमुख शहरों पर कब्जा करते जा रहा है। अब उसने कंधार और लश्कर गाह पर भी कब्जा जमा लिया है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक, तालिबान ने शुक्रवार को दावा किया कि उसने एक और प्रांतीय राजधानी कंधार पर कब्जा कर लिया है। इसके अगले दिन ही लश्कर गाह पर भी उसने अपना कब्जा जमा लिया।

 

अफगानिस्तान सरकार के हाथों में अब सिर्फ राजधानी काबुल समेत कुछ अन्य छोटे-मोटे क्षेत्र बचेंगे। तालिबान ने एक हफ्ते में अफगानिस्तान के 34 प्रांतीय राजधानियों में से 11 पर अपना नियंत्रण स्थापित कर लिया है। अब सिर्फ राजधानी काबुल उससे बचा हुआ है। काबुल के बाद कंधार ही अफगानिस्तान का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। अब तालिबान का अगला टारगेट काबुल हो सकता है। बता दें कि कंधार में ही बीते दिनों तालिबानियों ने भारतीय फोटो जर्नलिस्ट दानिश की हत्या कर दी थी। कंधार पर कब्जा करने से पहले गुरुवार को तालिबान ने दो और प्रांतीय राजधानी गजनी और हेरात पर कब्जा कर लिया था। तालिबानी काबुल से महज 130 किलोमीटर दूर है। इस तरह से उसने अब तक 13 प्रांतीय राजधानियों पर कब्जा कर लिया है। जिनमें
जरांज, शेबरगान, सर-ए-पुल, कुंदुज, तालोकान, ऐबक, पुल-ए-खुमारी, फराह, बदख्शां, गजनी, हेरात, कंधार और लश्कर गाह शामिल है।

 

कुछ दिनों में राजधानी काबुल पर कब्जा कर सकता है तालिबान
तालिबान के आतंकी काबुल से लगभग 150 किमी की दूरी पर स्थित गजनी और ईरान सीमा के पास स्थित हेरात पर पहले ही कब्जा कर चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि ये आतंकी अब कभी भी काबुल पर हमला कर सकते हैं। अफगानिस्तान की राजधानी पर तालिबान के कब्जे के बाद अशरफ गनी सरकार का पतन हो जाएगा। अमेरिकी सेना ने भी आशंका जाहिर की है कि तालिबान आतंकी 30 से 90 दिन के अंदर काबुल पर कब्जा कर सकते हैं।

 

कर्मचारियों को वापस लाने 3,000 सैनिक भेजेगा अमेरिका
अफगानिस्तान में तेजी से बदल रहे हालात के मद्देनजर अमेरिका काबुल में दूतावास से कुछ और कर्मियों को वापस लाने के लिए अतिरिक्त सैनिक भेजने वाला है। पेंटागन के प्रेस सचिव जॉन किर्बी ने घोषणा की कि अमेरिकी रक्षा विभाग काबुल से एंबेसी के कर्मचारियों को निकालने के लिए अफगानिस्तान में सेना भेजेगा। उन्होंने कहा कि अगले 24-48 घंटों में काबुल हवाई अड्डे पर तीन पैदल सेना बटालियनों को ट्रांसफर किया जाएगा। यह लगभग 3,000 सैनिक हैं। ब्रिटेन भी वहां अपने सैनिक भेज रहा है।

 

 

 

 

 

=>
=>
loading...